केराकत कोतवाली क्षेत्र के गोमती नदी के सिहौली घाट पर रविवार को पड़ोसी के अंतिम संस्कार में आए एक युवक की नदी में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। उसे डूबता देख साथ आए लोगों में खलबली मच गई। काफी देर तक खुद ढूंढने का प्रयास किए। थक हारकर पुलिस को सूचना दिए। सूचना के बाद पुलिस ने नाविकों व गोताखोरों की मदद से तीन घंटे के प्रयास के बाद नदी से शव निकाला।
कोतवाली क्षेत्र के लिए चौकियां गांव में रविवार की भोर में प्रमिला देवी पत्नी संजय की हृदयाघात से मौत हो गई थी। मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों, अपने पिता व भाइयों के साथ विकास कुमार विक्की (22) भी आया था। शवदाह के बाद दोपहर में लोग स्नान कर रहे थे तो विकास भी अपना मोबाइल अपने पिता पतिराम को देकर नदी में स्नान करने लगा। नदी में पानी कम होने के कारण वह स्नान करते करते नदी उस पार चला गया, वापस आते समय गोमती सेतु के खंभे के पास से होकर आने का प्रयास किया। जहां गहराई ज्यादा होने से डूबने लगा। वही उसे तैरना भी नहीं आता था। उसे डूबता देख अंतिम संस्कार में गए लोग बचाने का अथक प्रयास किए लेकिन कोई बचा नहीं पाया। थोड़ी देर बाद परिजनों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक केराकत जयप्रकाश यादव अपने हमराहियों के साथ पहुंचे। उसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को करीब तीन घंटे प्रयास के बाद निकाला। शव केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत उदयचंदपुर घाट नदी के छोर पर मिला। परिजनों ने पेट दबाकर पानी निकालकर हरसंभव प्रयास किया कि कही जान बच जाए लेकिन निराशा ही हाथ लगी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक युवक अपने पिता की चार संतानों में तीसरे नंबर पर था। वह आजाद नगर के एक काॅलेज में बीकॉम तृतीय वर्ष का छात्र था। युवक अपने भाई व पिता की आंखों के सामने डूब गया। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक केराकत जयप्रकाश यादव ने बताया कि आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।