सुईथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी की परिजनों ने जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से गंभीर रूप से घायल युवक को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी युवक और युवती के बीच मोबाइल पर शुरू हुई बातचीत का सिलसिला प्यार मोहब्बत में बदल गया। पहले दोनों मोबाइल और व्हाट्सएप पर बातें करते थे। दोनों में घनिष्ठता बढ़ी तो मिलने का प्लान बना लिया। शनिवार की रात करीब 10 बजे युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर जा पहुंचा। उस वक्त परिवार के लोग सो रहे थे । युवक छत के रास्ते प्रेमिका के कमरे में दाखिल हो गया। उसी दौरान खटपट की आवाज सुन परिवार के किसी सदस्य की नींद टूट गई। उसने शोर मचाया तो परिवार के लोग भी जाग गए। लोगों ने युवक को पकड़कर घर के अंदर ही बेरहमी से पिटाई कर दी। घायलावस्था में किसी तरह युवक अपने घर पहुंचा। उसकी हालत देख परिजन सन्न रह गए। घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किसी भी तरफ से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।