डामल के इन्तजार में पड़ा जंघई फ्लाईओवर। संवाद
मीरगंज। मछलीशहर से वाराणसी तक 640 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है। जंघई रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे फ्लाईओवर पर यातायात शुरू न होने के कारण यह परियोजना अधूरी पड़ी है।
इससे राहगीरों को अब भी जाम और दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। नवंबर 2023 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मछलीशहर से भदोही तक सड़क का निर्माण तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया था। हालांकि, जंघई फ्लाईओवर के निर्माण के लिए रेलवे से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) और जरूरी अनुमतियां मिलने में लंबा वक्त लग गया। प्रशासनिक लेटलतीफी के चलते फ्लाईओवर का ढांचागत काम काफी समय तक प्रभावित रहा। कार्यदायी संस्था ने बीते जुलाई महीने में फ्लाईओवर की स्लैब ढलाई का काम पूरा कर लिया था, लेकिन अगस्त बीतने को है और अब तक डामर (तारकोल) बिछाने का काम अधूरा है। इस कारण तैयार सड़क का पूरा लाभ वाहन चालकों को नहीं मिल पा रहा है।