51- मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के तरहठी बनगांव गांव मे मृत युवती लक्ष्मी की फाईल फोटो।
- फोटो : JAUNPUR
मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के तरहठी (बनगांव) में मंगलवार की सुबह खेत में युवती लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती सोमवार की रात से ही घर से लापता थी। उसके गले में रस्सी कसी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को खेत में फेंका गया है। घटनास्थल पर ही युवती का मोबाइल भी बरामद हुआ है। डाग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की पर कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
तरहठी गांव निवासी लालजी शुक्ल की पुत्री लक्ष्मी (24) घर पर मां निशा देवी के साथ रहती है। पिता और भाई सिद्धार्थ रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहते हैं। लक्ष्मी सोमवार की रात आठ बजे खेत की ओर जाने की बात कह घर से निकली थी। इसके बाद से वह घर नहीं लौटी। मां ने आसपास खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह होते ही वह बेटी की तलाश के लिए खेतों की ओर गई। घर के पीछे कुछ दूरी पर लक्ष्मी की लाश पड़ी थी। उसके गले में रस्सी थी और गला कसने के निशान थे। मोबाइल भी पास में पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। डाग स्क्वाड और फोरेसिंक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए। खोजी कुत्ता घटनास्थल से करीब एक किमी दक्षिण की ओर जाने के बाद रुक गया। मोबाइल को कब्जे में लेकर पुलिस काल डिटेल खंगालने में जुटी है। एसओ अरविंद यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। हर पहलू पर जांच की जा रही है। जल्द ही इसका पर्दाफाश किया जाएगा।