जौनपुर। मौसम ने रविवार को फिर करवट ली। सुबह से ही आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ और पछुआ हवाओं के चलते दोपहर 12 तक जिले में ठंड की स्थिति रही। जबकि बृहस्पतिवार से शनिवार तक दिन में तेज धूप के चलते शरीर पर गर्म कपड़े बर्दाश्त नहीं हो रहे थे। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव से स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को दिनभर तेज धूप रहने के बाद रात से ही मौसम का मिजाज फिर बदलने लगा था। सर्द पछुआ हवाओं के चलते फिर से ठंड का एहसास हुआ। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सुबह-शाम ठंड रही। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत महसूस हुई। सुबह नगर सहित ग्रामीण इलाकों में धुंध के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिनभर बदली छाई रही। ऐसे में रोज के मुकाबले सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखी। दोपहर 12 बजे के बाद धूप न निकलने से ठंड का असर बढ़ा रहा। जिला अस्पताल और निजी क्लीनिकों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी बीमारियों के रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि रात और सुबह के समय ठंड का प्रकोप ज्यादा रहता है। कोहरे के चलते कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलते दिखे।