केराकत कोतवाली के मुर्तजाबाद गांव निवासी डेंगू से पीड़ित इंटर की छात्रा की सोमवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मुर्तजाबाद निवासी कमला सरोज की नतिनी काजल ननिहाल में रहकर कर पढ़ाई कर रही थी। वह 11वीं की छात्रा थी।
एक सप्ताह पहले काजल की तबियत खराब हुई तो घर वाले उसे जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। यहां इलाज से कोई लाभ नहीं हुआ तो डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। उसे वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी तबीयत निरंतर बिगड़ती गई।
घर वालों के मुताबिक 11 यूनिट ब्लड चढ़ाया गया फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को डाक्टरों ने चार यूनिट और ब्लड का इंतजाम करने को कहा था। परिवार के लोग इंतजाम में ही लगे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। हेरिटेज के चिकित्सकों ने बताया कि काजल डेंगू से पीड़ित थी।