गाजीपुर से वाराणसी वाया जौनपुर चलने वाली डेमू सवारी गाड़ी को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर सांसद डा. केपी सिंह वाराणसी के लिए रवाना किया। ट्रेन चलने से गाजीपुर और वाराणसी के लिए यात्रा आसान हो जाएगी।
शुक्रवार को गाजीपुर से चलकर औड़िहार होते हुए दोपहर 2:17 बजे भंडारी स्टेशन प्लेटफार्म संख्या पांच पर डेमू पहुंची। ट्रेन के यहां दो मिनट रुकने के बाद सांसद ने हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए रवाना किया।
ट्रेन सप्ताह में छह दिन लोगों को गाजीपुर-जौनपुर-वाराणसी से जोड़ेगी। डेमू ट्रेन संख्या 75111 गाजीपुर से चलकर सुबह 11.10 बजे जौनपुर भंडारी स्टेशन पहुंचेगी। जौनपुर स्टेशन पर पांच मिनट ट्रेन रुकेगी।
1:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। यहां 20 मिनट रुकने बाद फिर ट्रेन संख्या 75112 के रूप में गाजीपुर के लिए प्रस्थान करेगी। शाम 4:20 बजे जौनपुर पहुंचेगी। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी रवि जी चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रेन प्रत्येक स्टेशन पर
रुकेगी। इसका किराया पैसेंजर ट्रेन का ही होगा। इसमें एक साथ दो से ढाई हजार यात्री यात्रा कर सकेंगे। इस दौरान यातायात निरीक्षक अविनाश पांडेय ने स्टेशन के बाहर अवैध रूप से लग रहे आटो स्टैंड से यात्रियों को हो रही समस्या से
अवगत कराया। इस पर मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक ने आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एसके पॉल को निर्देश दिया कि आटो स्टैंड को परिसर से बाहर हटवा दिया जाए। जिससे यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
ट्रेन के चालक दल में राजेश नाथ और संजय प्रजापति रहे। इस दौरान सांसद ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जौनपुर जंक्शन और सिटी स्टेशन पर शीघ्र ही स्वचालित सीढिय़ों के निर्माण का कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल मंत्री को पत्र भेजा गया है।
सिटी स्टेशन पर सुपर फास्ट ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस मौके पर स्टेशन मास्टर वीएन मिश्रा, यातायात निरीक्षक अविनाश पांडेय, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह परिवर्तन, सुनिल यादव, विनोद तिवारी, प्रशांत सिंह, राकेश तिवारी, बृजेश सिंह, अंकुर पाल आदि मौजूद थे।