प्राविधिक शिक्षामंत्री शिवाकांत ओझा ने शुक्रवार को राजकीय पालीटेक्निक कालेज जगदीशपुर का निरीक्षण किया। कालेज के लैब, वर्कशाप, कंप्यूटर कक्ष के अलावा द्वितीय पाली की चल रही कक्षाओं का उन्होंने जायजा लिया।
प्रधानाचार्य राकेश वर्मा से विद्यालय में सभी संवर्गों में छात्रों के प्रवेश और कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। संस्थान में पठन-पाठन के अलावा छात्रों को हास्टल में मिलने वाली सुविधा की जानकारी ली। संस्थान के निरीक्षण के उपरांत उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
मंत्री संस्थान में पठन-पाठन और व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत से पढ़ाई करने की नसीहत दी। कहा कि मेहनत और ईमानदारी से की गई पढ़ाई न सिर्फ मुकाम हासिल करने में सहायक होती है, बल्कि पूरे जीवन को आसान बना देती है। छात्रों की कड़ी मेहनत बाद में काम आती है।
इस अवसर पर टीडी कालेज के प्राचार्य डॉ. यूपी सिंह, पीजी कालेज मड़ियाहूं के प्राचार्य डॉ. लालजी त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, थानाध्यक्ष जफराबाद दिनेश मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे।