केराकत। डेहरी गांव में बुधवार की रात में लगभग एक बजे तख्त पर सो रहे बीरबहादुर (26) को सर्प ने डस लिया। डसने के बाद भी सर्प तख्त पर बैठा रहा। युवक चिल्लाने लगा तो परिजन कमरे की ओर दौड़े। तख्त पर सर्प को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सांप को भगाने के बाद परिजन बीरबहादुर को उपचार के लिए लालगंज सीएचसी ले गए। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल जौनपुर ले जाते समय रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। पिता दृगपाल ने बताया कि बीरबहादुर रात में खाना खाने के बाद कमरे में तख्त पर सो रहा था। रात लगभग एक बजे सर्प तख्त पर चढ़ गया और उसे डस लिया। इसके बाद उसकी नींद खुली तो वह चिल्लाने लगा। चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने सर्प को तख्त पर देखा। इसके बाद सांप ईंटों के बीच में छिप गया। बीरबहादुर तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। पति की मौत की सूचना से पत्नी नीलम, दो बेटे दीपक (12), दीपांशु (6) और बेटी शीतल (8) बेसूध हैं। बृहस्पतिवार की सुबह चंदवक थाना क्षेत्र के मुर्खा गांव निवासी सर्पमित्र आदर्श ने सर्प को घर में से पकड़कर उसे जंगल में छोड़ दिया।