जौनपुर। गैर जिलों से तबादला होकर आए शिक्षकों को विद्यालय आवंटन के लिए काउंसिलिंग शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। धीमी गति से चल रही काउंसिलिंग में देर शाम तक अभ्यर्थी तक उलझे रहे। रात आठ बजे बजे तक 169 शिक्षकों को ही विद्यालय आवंटन हो पाया था। करीब 50 से अधिक शिक्षक इंतजार में थे।
अंर्तजनपदीय तबादला के तहत जिले में 712 शिक्षक आए हैं। इसमें पहले दिन महिला और दिव्यांग शिक्षकों की काउंसिलिंग थी। शुक्रवार की देर रात तक चली काउंसिलिंग के बाद भी कई महिलाओं को विद्यालय आवंटन नहीं हो पाया। शनिवार को उन्हें फिर से बुलाया गया। इसके अलावा 291 अन्य शिक्षकों को भी प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक वर्ग में आवंटन होना था। धीमी गति से चल रही प्रक्रिया में रात आठ बजे तक 169 शिक्षकों को ही विद्यालय मिल सका। करीब पचास शिक्षक इंतजार में रहे। कइयों ने वरिष्ठता प्रभावित होने के चलते जिले में कार्यभार नहीं ग्रहण किया है। बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि कार्यभार संभालने वाले सभी शिक्षकों को नियमों के तहत विद्यालय का आवंटन किया गया है।