Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एक सप्ताह पहले बनी सड़क कई जगह धंस गई है। आसपास हॉस्टल होने के चलते विद्यार्थियों व अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत से पहले जल्दबाजी में परिसर में बनाई गई सड़क कई जगह धंस गई है। इससे विद्यार्थियों के अलावा शिक्षकों और बाहरी लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी सड़क के आसपास हॉस्टल होने के कारण दिक्कतें बढ़ गई हैं।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय परिसर स्थित उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के बगल की सड़क एक सप्ताह पहले बनाई गई थी। इंजीनियरिंग संस्थान के सामने 20 मीटर के अंतराल पर सड़क दो जगह धंस गई है। उधर, सड़क धंसने के कारण परिसर में आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन से आवाजाही करने वाले लोग भी सावधानी से आवागमन कर रहे हैं। विश्वकर्मा छात्रावास में रहने वाले छात्रों का इसी रास्ते से आना-जाना लगा रहता है। सड़क की मरम्मत होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
मरम्मत के बाद उधर से कोई वाहन गुजरा होगा, इसके चलते सड़क दो जगह धंस गई। सड़क के बीच में गड्ढा बन गया है। इससे बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण लोग किसी तरह से बचकर निकल रहे हैं।
परीक्षा नियंत्रक एवं प्रभारी कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही की वजह से सड़क कहीं से उखड़ गई है। उसे दोबारा बनवाया जाएगा। अगर कहीं कुछ कमी पाई जाती है तो जांच कराई जाएगी।