जौनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बावजूद तमाम लोग लापरवाही बरत रहे हैं। उनका मानना है कि अब कोरोना का असर खत्म हो रहा है लेकिन यह सही नहीं है। मौसम विभाग ने मानसून सीजन में कोरोना संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसमें आशंका जताई गई है कि बारिश के बाद कोरोना का संक्रमण और बढ़ेगा।
जौनपुर में कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा के मौसम वैज्ञानिक डॉ पंकज जायसवाल ने बताया कि आगामी सप्ताह में तेज बारिश, बिजली और आंधी की संभावना है। मानसून सीजन में कोरोना वायरस तेजी से फैल सकता है। उन्होंने बताया कि मानसून सीजन में गर्मी खत्म होगी और हवा में ह्यूमिडिटी यानी नमी बढ़ जाएगी। ऐसी स्थिति में कोरोना वायरस के फैलने की आशंका बढ़ जाएगी। गर्मियों में हवा सूखी होती है उसमें नमी बेहद कम होती है। ऐसे में वायरस को हवा में तैरने का मौका कम मिलता है और वह जल्दी सूख जाता है।मानसून आने पर हवा में नमी का स्तर बढ़ जाएगा। सूरज की गर्मी कम हो जाएगी। ऐसे में कोरोना वायरस को हवा में तैरने का मौका ज्यादा मिलेगा। इसकी चपेट में जो भी लोग आएंगे, वह कोरोना से संक्रमित हो सकते हैं। सूखी जगहों पर अगर कोई व्यक्ति छींकता या खांसता है तो उसके नाक, मुंह से निकली म्यूकस, लार या पानी की बूंद गर्मी से सूख जाती हैं, लेकिन बारिश के सीजन में ऐसा नहीं होगा। यही कारण है कि अप्रैल में कोरोना वायरस के मामले उतने नहीं आए क्योंकि लॉकडाउन था और मौसम भी गर्म था। मानसूनी बारिश में जनपद के लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। इसे लेकर भारत मौसम विभाग में भी एडवाइजरी जारी कर दी है।
डॉ पंकज ने बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) गंभीर फैलाव को देखते हुए लोगों को अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। जनपद के लोगों से अनुरोध है कि भारत सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों, व्यक्तिगत स्वच्छता, मास्क का उपयोग, साबुन से उचित अंतराल पर हाथ धोना और एक दूसरे से सामाजिक दूरी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दें।