जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों से प्रैक्टिकल परीक्षा का अंक और मिड टर्म का नंबर विवि को नहीं मिलने के कारण घोषित परीक्षाफल फंसा हुआ है। विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षा में सभी विषयों के एक पेपर की परीक्षा एमसीक्यू पैटर्न पर कराया था। कुल महाविद्यालयों ने नंबर तो भेज दिए लेकिन यह साफ नहीं किया है कि भेजा गया अंक मिडटर्म का है या प्रैक्टिकल का। इस नाते कई विषयों का अंक महाविद्यालयों को इसलिए वापस कर दिया गया है कि उस पर परीक्षा का नाम अंकित नहीं किया गया है।
विश्वविद्यालय की सूचना के बाद भी महाविद्यालय प्रैक्टिकल का अंक उपलब्ध कराने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। तमाम ऐसे महाविद्यालय हैं, जिनमें पीजी स्तर पर कहीं दो तो कहीं पांच छात्र का नामांकन हुआ है। यह महाविद्यालय परीक्षा कराने के बजाय छूटी परीक्षा के साथ प्रैक्टिकल कराना ज्यादा आसान समझ रहे हैं। वैसे तो प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि लगभग खत्म हो चुकी हैं, लेकिन तमाम महाविद्यालयों ने अभी परीक्षा का अंक उपलब्ध नहीं कराया है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए तिथि घोषित कर दी गई है, लेकिन प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट का पता हीं नहीं है। मूल्यांकन खत्म हुए भी करीब 20 दिन से अधिक हो गया है लेकिन एजेंसी रिजल्ट पूरा नहीं कर पाई है।
वर्जन
सेमेस्टर परीक्षा लागू होने के कारण रिजल्ट तैयार करने में देरी हो रही है। विज्ञान के साथ कला वर्ग और कामर्स के विषय तो दूसरी तरफ कला वर्ग के साथ दूसरे विषयों को माइनर विषय के रूप में पढ़ाया जा रहा है। जब तक सभी विषयों के अंक और प्रैक्टिकल परीक्षा के साथ मिडटर्म परीक्षा का अंक नहीं मिल जाता, रिजल्ट पूरा नहीं हो पा रहा है। इसके चलते रिजल्ट तैयार करने में देरी हो रही है। तमाम ऐसे कालेज हैं, जो प्रैक्टिकल का अंक भी नहीं उपलब्ध कराएं हैं। - वीएन सिंह, परीक्षा नियंत्रक पूविवि जौनपुर