खेतासराय में गाड़ी पटरी से उतरने के बाद ट्रैक चेक करते रेलवे कर्मचारी। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
खेतासराय। वाराणसी-फैजाबाद रेल खंड पर मंगलवार की भोर में खेतासराय रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के गार्ड के ब्रेकयान (गार्ड की बोगी) का पिछला चक्का पटरी से उतर गया। सवा चार घंटे बाद ब्रेकयान काटकर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया।
टांडा अप स्पेशल मालगाड़ी कोयला लादकर टांडा जा रही थी। मंगलवार की भोर में 4 बजकर 8 मिनट पर मालगाड़ी के सबसे पिछले डिब्बे के चार चक्के पटरी से उतर गए। गार्ड ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर सुरेशचंद्र यादव को दी। उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम और उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया। सूचना मिलते ही मौके पर रेलवे विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। सुबह 8.25 बजे मालगाड़ी के ब्रेकयान को काट कर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया। ब्रेकयान के उतरे चक्के को वापस ट्रैक पर कर दिया गया। मालगाड़ी लूप लाइन पर थी। इसलिए मेन लाइन पर गाडि़यों का संचालन जारी रहा। चक्का उतरने के कारण मालगाड़ी का अगला भाग खेतासराय दीदारगंज की क्रासिंग पर रुक गया। इससे सुबह 4 बजे से 9 बजे तक रेलवे क्रासिंग बंद रही। इसके चलते सुबह के समय स्कूल आने वाले वाहन पर क्रासिंग में फंसे रहे। स्टेशन अधीक्षक एचएम मीना ने बताया की टांडा अप मालगाड़ी का ब्रेकयान (गार्ड की बोगी) का पिछला चक्का पटरी से उतर गया था। रेलवे के कर्मचारियों ने ब्रेकयान वाले डिब्बे को अलग कर मालगाड़ी को रवाना कर दिया है। रूट पर यातायात सामान्य है। रेलवे विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं।