जौनपुर। सांसद और विधायक निधि से ऑक्सीजन प्लांट लगाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्ताव आने के बाद जिला ग्राम्य विकास अभिकरण तैयारी में जुट गया है। उसने विशेषज्ञों से प्लांट निर्माण में आने वाले खर्च का ब्योरा मांगा है। कोविड संक्रमण काल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर सरकारी तंत्र हलाकान है। जिले में कहीं भी ऑक्सीजन उत्पादन की व्यवस्था नहीं है। इसके चलते मरीजों को समय से ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा। डीएम की अपील पर सभी विधायक, सांसद ने अपनी निधि से क्षेत्र के एक प्रमुख अस्पताल पर प्लांट लगवाने की मंजूरी दी है। इसके लिए पत्र भी प्रेषित कर दिया है। मछलीशहर सांसद बीपी सरोज के प्रस्ताव में जगह का उल्लेख नहीं है। राज्यमंत्री व सदर विधायक गिरिशचंद्र यादव ने जिला अस्पताल, जफराबाद विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने सीएचसी रेहटी, शाहगंज विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने सीएचसी शाहगंज, केराकत विधायक दिनेश चौधरी ने सीएचसी केराकत, बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्रा ने सीएचसी बदलापुर, मल्हनी विधायक लकी यादव ने नौपेड़वा सीएचसी, मछलीशहर विधायक जगदीश सोनकर ने मछलीशहर सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने का प्रस्ताव दिया है। राज्य मंत्री ने 40 लाख रुपये निधि से खर्च करने का उल्लेख पत्र में किया है।