मीरगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौकीखुर्द गांव से मंगलवार की रात पिकअप गैंग पशुशाला में बंधी भैंस को पिकअप पर लाद लिया। ग्रामीणों ने विरोध किया तो बदमाशों ने पथराव कर दिया। पथराव के आगे ग्रामीण लाचार हो गए और उनकी आंखों के सामने ही भैंस लादकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी है। चौकीखुर्द गांव नवासी गुलाबचंद्र का मकान सड़क किनारे स्थित है। रात में उनकी भैंस पशुशाला में बंधी थी। रात में करीब दो बजे जंघई की तरफ से आए पिकअप सवार बदमाशों ने गुलाबचंद्र के घर के सामने गाड़ी रोक दी। बदमाश उनके पशुशाला में बंधी भैंस को खूटे से छोड़कर पिकअप पर लाद रहे थे तभी गुलाब का बेटा जाग गया। उसने शोर मचाया तो गांव के लोग जुट गए। ग्रामीणों के पहुंचते ही पिकअप सवार बदमाशों ने पथराव कर दिया। जिससे लोगों की भीड़ पीछे हट गई और बदमाश भैंस लादकर मछलीशहर की ओर फरार हो गए। सूचना देने के बाद भी पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी।