नेवढ़िया। लगधरपुर गांव में देर शाम पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह के खिलाफ मारपीट, बलवा और प्राणघातक हमले के आरोप में केस दर्ज किया है। गांव निवासी अवध नारायण राजभर और हरिश्याम पटेल के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी रंजिश में बुधवार को हरिश्याम पटेल पक्ष के लोगों ने अवध नारायण राजभर के घर पर धावा बोल दिया। इसमें विशाल (19), कांतिलाल (37), अवध नारायण (52) , राजू (19) , लक्ष्मण (24), किशन (17) , सेवालाल (42) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर नेवढ़िया पुलिस सहित सर्किल की सभी थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया। सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। अवध नारायण राजभर की तहरीर पर हरिश्याम पटेल, अखिलेश पटेल, अरविंद पटेल, कैलाशनाथ पटेल, अखिलेश, शुभम पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।