तीसरे चरण के पांच ब्लाकों में मतदान कराने के लिए तैनात पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को दोपहर बाद तक बूथों पर पहुंच गईं। पोलिंग पार्टियों को संबंधित ब्लाक मुख्यालयों से चुनाव सामग्री देकर रवाना किया गया।
पांचों ब्लाकों में 129 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। उनके स्थान पर दूसरे मतदान कार्मिक को भेजा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अनुपस्थित मतदान कार्मिकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
बता दें कि तीसरे चरण में महराजगंज , मुगराबादशाहपुर, सुजानगंज, बदलापुर व मछलीशहर ब्लाक में मतदान 17 अक्टूबर को होना है। इसके लिए 1176 पोलिंग पार्टियों को संबंधित ब्लाकों से बूथों के लिए रवाना किया गया।
इसमें मछलीशहर के लिए 247, महराजगंज के लिए 238, बदलापुर के लिए 230, मुगराबादशाहपुर के लिए 214 व सुजानगंज के लिए 247 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। इस दौरान 129 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे।
जिसमें महराजगंज ब्लाक में 17, बदलापुर में 23, मछलीशहर में 45, मुंगराबादशाहपुर में 22 तथा सुजानगंज में 22 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। इनके स्थान पर दूसरे तैनात मतदान कार्मिक को भेजा गया।
सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने बूथ बूथ पर जाकर पोलिंग पार्टिंयों को सकुशल पहुंचने की रिपोर्ट ली। सभी को निर्देश दिया कि वे किसी प्रत्याशी से प्रभावित नहीं होना है। उनका नाश्ता भी नहीं करेंगे।
पांच ब्लाकों में आज होने वाले चुनाव में 3464 प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटी में बंद हो जाएगी। जिनका फैसला उन ब्लाकों के मतदाता करेंगे। इस दौरान बड़े प्रत्याशी चुनाव जीतकर अपनी साख बचाने के फिराक में हैं।
वहीं छोटे प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं। खैर यह तो एक नवंबर को पता चलेगा। किसका सितारा बुलंद हुआ और किसका सितारा डूबा।
तीसरे चरण का चुनाव 17 अक्टूबर को मछलीशहर, महराजगंज, बदलापुर, मुगराबादशाहपुर व सुजानगंज में होना है। इन ब्लाकों में 19जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लडने वाले 381 प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि 506क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लडने वाले 3083 प्रत्याशी मैदान में हैं।