नगर के नईगंज तिराहे पर खुला पड़ा बड़ा नट बोल्ट जिससे लोग हो रहे घायल। संवाद
जौनपुर। लोक निर्माण विभाग की तरफ से दो साल पहले शहर के बीचोबीच यूनिपोल लगाने के लिए किया गया टेंडर निरस्त कर दिया गया। लेकिन डिवाइडर पर लगे मोटे नट बोल्ट नहीं हटाए गए। इसके चलते दो पहिया व साइकिल सवारों के गिरकर घायल होने की 12 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इनको हटाने के लिए लगभग एक साल पहले पीडब्ल्यूडी ने नगर पालिका परिषद जौनपुर को पत्र भी भेजा लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
लोक निर्माण विभाग की तरफ से टेंडर कराकर यूनिपोल लगाने के लिए कुछ फर्मों को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए शहर के जोगियापुर से कलेक्ट्री तिराहे तक, वाजिदपुर से नईगंज के बीच बने डिवाइडर पर मोटे-मोटे नट बोल्ट के फाउंडेशन बनाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी के रिकाॅर्ड के मुताबिक ये सभी अवैध हैं। इन फाउंडेशन को नगर पालिका परिषद को हटवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। 24 अगस्त 2024 को अधिशासी अभियंता निर्माण खंड ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पत्र भेजकर डिवाइडर पर लगे फाउंडेशन के कार्य को रोकने व पूर्व की स्थिति बहाल करने के लिए कहा था। लेकिन कुछ नहीं हुआ। सड़क के बीचोबीच बने ये फाउंडेशन दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। बड़े-बड़े नट बोल्ड सड़क पर निकले हैं। इससे दो पहिया चालक व साइकिल सवारों के गिरकर घायल होने की 12 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं।
केस एक :-सिकरारा के फिरोजपुर निवासी दीनदयाल पाठक 12 सितंबर को नईगंज तिराहे पर स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक से गिरकर घायल हो गए थे। एक हफ्ते तक वह निजी चिकित्सालय में भर्ती रहे।
केस दो :- सिकरारा के चकराजेपुर निवासी संतोष यादव बीते 27 सितंबर को कचहरी आए थे। लौटते समय कलेक्ट्रेट गेट के सामने नट बोल्ट में फंसने से गिरकर घायल हो गए थे। इसमें इनकी गाड़ी भी टूट गई थी।
केस तीन : जफराबाद निवासी अच्छेलाल 20 सितंबर को कचहरी मार्ग पर डिवाइडर में लगे बड़े नट बोल्ट में फंसकर गिरकर घायल हो गए थे।
पीडब्ल्यूडी की तरफ से यूनिपोल लगाने के लिए टेंडर निकाला गया था। कुछ ठेकेदारों ने नट-बोल्ट लगाए हैं। इसको हटाने के लिए पत्र प्राप्त हुआ है। जब पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे तो नगर पालिका की टीम इसको जेसीबी लगवाकर हटा देगी। - पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जौनपुर।