जिला अस्पताल की ओपीडी में दिखाने के बाबत पर्ची कटाने के लिए लाइन में लगीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद
जौनपुर। बारिश और बदलते मौसम के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या 15 दिन में ही 20 फीसदी बढ़ गई है। पहले ओपीडी में जहां औसतन 1200 से 1300 मरीज आ रहे थे, वहीं अब मरीजों की संख्या 1500 तक पहुंच गई है। सीएमएस डाॅ. केके राय ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी में 15 दिन पहले उल्टी, बेचैनी, चक्कर आने, डिहाइड्रेशन के ज्यादा मरीज आ रहे थे। परंतु अब वायरल संक्रमण से पीड़ित बु्खार, खांसी, सर्दी, सांस की समस्या से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं।
ओपीडी में 50 फीसदी से ज्यादा मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और त्वचा संबंधी बीमारी से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। सोमवार को इलाज के लिए 1497 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। पैथालॉजी में भी जांच के लिए मरीजों की भीड़ रही। वरिष्ठ फिजिशियन डाॅ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों में गले में खरास, बुखार, खांसी की समस्या देखने को मिल रही है। त्वचा रोग विशेषज्ञ डाॅ. अमरदीप ने बताया कि इस समय दाद, घमौरी आदि से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। सोमवार को त्वचा रोग से पीड़ित 165 मरीज इलाज के लिए आए। सुबह शुरू हुई ओपीडी दोपहर बाद दो बजे तक चलती रही। उन्होंने बताया कि मरीजों को सलाह दी गई कि बारिश के मौसम में संक्रमण बढ़ जाता है। ऐसे में भीगने के बाद ज्यादा समय तक गीले कपड़े न पहनें। कपड़े को पूरी तरह से सुखाकर ही पहनने को कहा गया है। यदि किसी तरह की परेशानी होती है तो डाॅक्टर को दिखाकर इलाज कराने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि नमी के चलते त्वचा संबंधी बीमारी की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे हर किसी को सतर्क रहना चाहिए।