पूर्वांचल विवि. की मुख्य परीक्षा कराने के लिए शासनादेश जारी हो गया है। परीक्षा का समय घटाकर तीन से डेढ़ घंटे का कर दिया गया है, लेकिन अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि पेपर का स्वरूप कैसा होगा, परीक्षा में कैसे सवाल दिए जाएंगे। इसे छात्रों में दुविधा की स्थिति बनी हुई है। परीक्षा कराने और पेपर का स्वरूप तय करने के लिए विवि ने मंगलवार को परीक्षा समिति की बैठक बुलाई है। परीक्षा के लिए शासनादेश जारी होने के बाद द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के छात्रों की सक्रियता बढ़ गई है। बीएससी के छात्र अभिषेक का कहना है कि अभी तक तो हम पुराने पैटर्न पर ही परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इस बीच कोरोना संक्रमण को देखते हुए तीन घंटे की जगह डेढ़ घंटे का पेपर कराने का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन यह नहीं बताया गया कि पेपर में किस तरह के सवाल आएंगे। बीएससी की छात्रा आरती यादव का कहना है कि परीक्षा में आने वाला पेपर कैसा होगा इसे लेकर डर बना हुआ है। यह पता चल जाता तो उस हिसाब से आगे की तैयारी की जाती है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह का कहना है कि परीक्षकों ने पेपर सेट करके पहले ही दे दिया था, लेकिन शासन से परीक्षा का समय कम करने के बाद पेपर में बदलाव पर चर्चा होगी। मंगलवार को परीक्षा समिति की बैठक बुलाई गई है। समिति के निर्णय के बाद आगे की तैयारी की जाएगी।