सुजानगंज - आग लगाने वाला गिरफ्तार अभियुक्त अमन सरोज । पुलिस विभाग
सुजानगंज। थाना क्षेत्र ग्राम सकापुर में छप्पर में आग लगाने और उसमें सो रहे युवक के जिंदा जलकर मौत हो जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी अमन सरोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने ही छप्पर में आग लगाई थी। तेजीबाजार थाना क्षेत्र सराय विभार अमन सरोज (23) को पुलिस ने सीएचसी सुजानगंज से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष फूल चंद्र पांडेय ने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी अमन ने बताया कि ग्राम सकापुर में जो आग लगी थी उसने ही लगाई थी। कारण पूछने पर बताया कि पुरानी मुकदमे में उसके द्वारा बार बार कहने पर भी वह सुलह नहीं कर रहे थे। इससे गुस्से में आकर आग लगा दी थी। घटना में सकापुर गांव निवासी शिवमूर्ति गौड़ (22)की झुलसने से मौत हो गई थी। पिता रामजीत गौड़ के मुताबिक रात 12-1 बजे के बीच अचानक छप्पर में आग लगी। आरोप लगाया था कि शिवमूर्ति ने इलाज के दौरान उनके भतीजों को बताया था कि रात 10 बजे घर के पास तेजीबाजार थाना के सराय विभार गांव निवासी अमन सरोज देखा गया था। लग रहा है इस घटना को उसने ही अंजाम दिया है। आरोप है कि अमन के खिलाफ केस दर्ज कराया है, मामला न्यायालय में विचाराधीन हैं। वह जेल से जमानत पर बाहर आया है और मुंबई से वापस लौटा है। आरोप है कि अमन की ओर से मुकदमा में सुलह-समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा है। उधर, पुलिस जांच में इसे शार्ट सर्किट से हादसा होना मानकर जांच कर रही थी। लेकिन, परिजनों के आरोप के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई।