खुटहन थाना क्षेत्र के सुइथाखुर्द गांव में रविवार को आबादी की भूमि के विवाद को लेकर मनबढ़ों ने पड़ोसी के घर में घुसकर गर्भवती सहित छह लोगों पर लाठी डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
गांव निवासी रामप्रताप गौतम का आरोप है कि वह अपनी जमीन में दीवार बना रहे थे। पड़ोसी चंद्रिका वह मुन्ना गौतम उसे जबरन रोकने लगे। जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो रही थी कि तभी चंद्रिका के पक्ष से 12 से अधिक लोग लाठी डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और पिटाई शुरू कर दी। वह जान बचाकर घर में भागा तो मनबढ़ भी घर में घुस गये। भीतर खाना बना रही उसकी गर्भवती पुत्री अंशू को पीटने लगे। बचाव में आए उसके पुत्र अंकित, विनीत, राजन, पत्नी संगीता तथा छोटी पुत्री खुशबू को पीटकर घायल कर दिया।
आरोप है कि कुल्हाड़ी के प्रहार से गौतम के अलावा अंकित और अंशू को गंभीर चोट लगी। चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है।