जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने साल 2027 परीक्षाओं की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता बनाए रखने तथा नकल विहीन परीक्षा के लिए तिथि में बदलाव किया है। परिषद की वेबसाइट पर 27 नवंबर तक छात्र आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की सूची अपलोड होगी। संशोधित समय-सारिणी के अनुसार अब ऑनलाइन प्रक्रिया से परीक्षा केंद्रों को 12 अक्तूबर से शुरू कर 27 नवंबर तक पूर्ण करना है। विद्यालयों के भौतिक सत्यापन के बाद डीएम द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति की आख्या को डीआईओएस के माध्यम से ऑनलाइन परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने की तिथि 12 अक्तूबर तय की गई है। डीएम से गठित तहसील स्तरीय समिति से प्रमाणित विद्यालयों की आधारभूत सूचना के आधार पर ऑनलाइन प्रविधि से चयनित परीक्षा केंद्रों (विद्यालय छात्र आवंटन सहित) की सूची सार्वजनिक करते हुए जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अवलोकनार्थ व परीक्षण के लिए परिषद द्वारा बोर्ड की वेबसाइट पर 22 अक्तूबर तक की जाएगी। डिबार व मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई, विद्यालयों की सूची को परिषद की वेबसाइट पर डीआईओएस द्वारा प्रदर्शित करने की तिथि 23 अक्तूबर तक की जाएगी। ऑनलाइन चयनित केंद्र निर्धारण सूची को डीआईओएस द्वारा प्रधानाचार्यों के समक्ष परीक्षण के लिए समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित कराकर आपत्तियों को ऑनलाइन माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर प्राप्त करने की तिथि 28 सितंबर से बढ़ाकर 28 अक्तूबर कर की गई है।
डीआईओएस द्वारा प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण कर निस्तारण करना, आपत्तियों के तार्किक पाए जाने पर जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित आख्या, संस्तुति सहित परिषद की वेबसाइट पर अग्रसारित करने की तिथि 8 अक्तूबर से बढ़ाकर 6 नवंबर की गई है।
परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अग्रसारित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदित विद्यालय छात्र आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की सूची को वेबसाइट पर 17 अक्तूबर के बजाय 16 नवंबर को अपलोड की जाएगी। जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद वेबसाइट पर अपलोड किए गए परीक्षा केंद्रों की सूची में मानक से अधिक दूर, धारण क्षमता से अधिक आवंटन की यदि आपत्ति है, तो वह आपत्ति प्रत्यावेदन ऑनलाइन परिषद के पोर्टल पर 21 नवंबर कर सकता है।
केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति द्वारा परिषद के पोर्टल पर निर्धारित तिथि तक प्राप्त आपत्तियों का परीक्षण के बाद निराकरण करते हुए विद्यालय छात्र आवंटन सहित परीक्षा केंद्रों की सूची को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने की तिथि 27 नवंबर कर दिया है। अपर सचिव प्रशासन सत्येंद्र कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में केंद्र निर्धारण प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।