जौनपुर। शासन की ओर से तय अंतिम तिथि 26 जुलाई बीत चुकी है। जिले के 573 कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की 50 फीसदी से अधिक सीटें खाली हैं। कॉलेज नए सत्र के लिए जारी शैक्षिक कैलेंडर के निर्देशों का पालन नहीं कर पा रहे हैं। प्रवेश लेने के लिए दिए गए निर्देश की अनदेखी की जा रही है।
नया सत्र शुरू होने से पहले ही जून में दाखिला और कक्षा संचालन शुरू करने के लिए तिथि घोषित कर दी गई थी। पठन पाठन के लिए जारी शैक्षिक कैलेंडर में कहा साफ निर्देश था कि 26 जुलाई तक विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करा ली जाए। बावजूद प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। कुछ बड़े कॉलेजों में अभी तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू ही नहीं हुई है। कॉलेजों के प्रबंधन का आरोप है कि समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण नहीं हो पाने के कारण छात्र परेशान हैं।
पूर्वांचल विवि से संबद्ध गाजीपुर और जौनपुर के 573 कॉलेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर में संचालित विभिन्न विषयों में छात्रों को दाखिला लेना है। कुछ एडेड कॉलेजों में प्रवेश परीक्षा कराई गई है लेकिन अभी तक कटऑफ मेरिट भी जारी नहीं की गई। स्नातकोत्तर कक्षाओं के दूसरे साल में दाखिला लेने वाले छात्र भी पहले सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम नहीं आने के कारण दुविधा में फंसे हैं। कॉलेज प्रबंधन और शिक्षकों की मानें तो 20 दिनों से यह दिक्कत आ रही है। माना जा रहा है कि अगस्त माह में ही प्रवेश पूरी हो पाएगी।
वर्जन
छात्रों के पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। अगस्त तक विषय वार छात्रों के दाखिले लिए जा रहे हैं। किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। समर्थ पोर्टल में कहां से दिक्कत है, उसे दिखवा कर ठीक कराया जाएगा।
-विनोद कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक, पूविवि जौनपुर