जौनपुर। पूर्वांचल विवि के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के विश्वेश्वरैया हाल में सोमवार को ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवागत विद्यार्थियों अनुुशासन का पाठ पढ़ाया गया। उन्हें विवि के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
संकायाध्यक्ष प्रो. बीबी तिवारी ने विद्यार्थियों के साथ अपने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए। प्रो.एके श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान आने वाली समस्याओं से निबटने का तरीका बताया। डॉ. संदीप सिंह ने कोविड-19 के लिए शासन से जारी गाइडलाइन की जानकारी दी। चीफ वार्डेन डॉ. राजकुमार सोनी ने कहा कि विद्यार्थी प्रतिदिन अपने क्लास में होने वाली पढ़ाई को घर जाकर दोहराएं। अगर कोई समस्या आती है तो अगले दिन कक्षा में उसका समाधान कर लें। इससे उन्हें परीक्षा के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी। चीफ प्रॉक्टर डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि जिन सपनों को पूरा करने के लिए प्रवेश लिया है, उसे पूरा करने के लिए अंतिम समय तक प्रयास करें। इस अवसर पर डॉ. मनीष प्रताप सिंह, डॉ. अमरेंद्र सिंह, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सुशील शुक्ला, मोहम्मद रेहान आदि ने विचार व्यक्त किए।