1- मुंगराबादशाहपुर के सार्वजनिक इंटर कालेज में क्वारंटीन युवक की मौत के बाद अन्य लोगो की जांच करत?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मुंबई से आ रहे एक मजदूर ने घर से 60 किमी पहले ही दम तोड़ दिया है। प्रयागराज स्टेशन से बस में जौनपुर जाते समय तबीयत खराब होने पर उसे बृहस्पतिवार की रात मुंगराबादशाहपुर के क्वारंटीन सेंटर में रोक लिया गया था। वहीं शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। उसको बुखार और सांस फूलने की समस्या थी। उसका नमूना कोरोना की जांच के लिए भेजा गया है। वह जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव का निवासी था।
जफराबाद थाना क्षेत्र नाथूपुर गांव निवासी प्रदीप गौतम (34) मुंबई के लोअर परेल इलाके में रुमाल बनाने के कारखाने में काम करता था। बृहस्पतिवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ श्रमिक स्पेशल ट्रेन में प्रयागराज तक आया। वहां से रोडवेज बस में सभी को जौनपुर लाया जा रहा था। तेज बुखार की शिकायत होने पर मुंगराबादशाहपुर में बस को रोक दिया गया। उसमें सवार सभी 22 यात्रियों को सार्वजनिक इंटर कॉलेज के क्वारंटीन सेंटर में लाया गया। वहां सुबह उनकी जांच की जानी थी। शुक्रवार की सुबह अचानक प्रदीप की सांस फूलने लगी और चिकित्सक के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मछलीशहर एसडीएम अमिताभ यादव ने बताया कि कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया है। बस के सभी 22 यात्रियों के सैंपल भी लिए
कई दिनों से खराब थी प्रदीप की तबीयत
प्रदीप की तबीयत कई दिनों से खराब थी। उसने सात दिन पहले भी श्रमिक स्पेशल ट्रेन में सवार होने की कोशिश थी। स्टेशन पर जांच में शरीर का तापमान अधिक होने के कारण लौटा दिया गया था। प्रदीप के बहनोई अरविंद कुमार ने बताया कि दवा खाकर वह दोबारा ट्रेन पकड़ने में सफल रहा और प्रयागराज तक आ गया। स्टेशन से उसे बस में बैठाकर सीधे जौनपुर भेज दिया गया। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे मुंगराबादशाहपुर में रोक लिया गया।