बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम मनरूटोला में सोमवार की रात बालू लदी ट्रक से की चपेट में आने से 45 वर्षीय शख्स की मौत के बाद से लगा जाम 36 घंटे बाद खत्म हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया। इसके बाद बीच सड़क खड़ी ट्रक को किनारे लगवाया।
मनरुटोला निवासी वासुदेव (45) सोमवार की रात किराने का सामान खरीदने दुकान पर जा रहा था। अचानक सामने आई तेज रफ्तार बालू लदी ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक के टायर की हवा निकाल दी। इससे मार्ग पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई थी। ग्रामीण उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। जाम की सूचना पर पहुंचे बभनी इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने पीएसी बल के साथ पहुंचकर मनरूटोला-सागोबांध की सड़क को जाम से मुक्त कराया। करीब 36 घंटे बाद बुधवार को जाम खुलने के बाद आवागमन सुचारू रूप से ठीक हो पाया। इस मौके पर इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने में सफल रहे।