अस्पताल में घायल का इलाज कराने पहुंचे लोग
- फोटो : Amar Ujala
शाहगंज क्षेत्र के सिधाई गांव में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सिधाई गांव निवासी लालू यादव (30), पुत्र सुरेन्द्र यादव बुधवार रात बाजार से घर लौटते समय सिधाई मोड़ स्थित होटल के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार खेतासराय निवासी रेहान (30), पुत्र रिजवान और आजमगढ़ जनपद के सिधारी निवासी शुभम (30), पुत्र शंकर भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शाहगंज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने लालू यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।