वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह में शामिल होने के लिए कुलाधिपति और प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहली बार ट्रेन से आएंगी।
वह लखनऊ से बेगमपुरा एक्सप्रेस से जौनपुर आएंगी और फिर सड़क मार्ग से समारोह में पहुंचेगीं। इससे पहले वह हेलिकाॅप्टर से आती थीं। इस बार उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के लिए ट्रेन से आने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने विश्वविद्यालय में तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने कुलपति सभागार में पुलिस और विवि अधिकारियों के साथ समीक्षा की। प्रस्तावित रूट, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग तथा वीआईपी मूवमेंट पर रणनीति तैयार की गई। अफसरों ने स्पष्ट किया कि दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, अभिभावकों और आमंत्रित अतिथियों के बैठने की दीर्घा का निरीक्षण किया। शोभायात्रा के तय मार्ग, कुलाधिपति के विश्राम कक्ष (वेटिंग एरिया), मुलाकात कक्ष और प्रस्तावित पुस्तक प्रदर्शनी स्थल की व्यवस्थाओं को देखा।
कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने दीक्षांत समारोह के शेड्यूल और अब तक हुई तैयारियों की जानकारी दी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित विश्वविद्यालय परिसर में निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, एंट्री-एग्जिट पाइंट्स और पार्किंग स्थलों का परीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिस बल को अलर्ट रहने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए।