थानागद्दी। भेड़ चराने वाले का सिर फोड़ने के आरोप में पिता को हिरासत में लेने पर एक युवती ने मंगलवार को पुलिस चौकी में हंगामा किया। वह पुलिस चौकी में बैठाए गए अपने पिता को लिवाकर घर चली गई और पुलिस ताकती रह गई। उसने चौकी के एक सिपाही का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। महिला कांस्टेबल न होने के कार पुलिस उसका कुछ न कर सकी।
बांसबारी निवासी उमेश सिंह के पुत्र आकाश ने एक दिन पहले खेत में भेड़ जाने के विवाद में उनके पुत्र आकाश ने चरवाहों की पिटाई कर दी थी। इससे बिहार के रोहतास जिले के चेनारी निवासी ज्वाला पाल का सिर फट गया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस उमेश सिंह को पकड़ा लिया। उसको हिरासत में चौकी में बैठाया गया था। इसकी खबर मिलने पर उनकी बेटी अपने भाई के साथ पुलिस चौकी पहुंची और सिपाहियों से भिड़ गई। एक सिपाही ने हाथापाई करने की कोशिश की तो उसने उसका मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। चौकी में हंगामा होते देख भीड़ जुट गई। युवती के हंगामे के चलते पुलिस बेबस थी और महिला पुलिस थी नहीं कि कुछ करती। वह पूरी दबंगई के साथ पिता को लिवाकर घर चली गई। चौकी प्रभारी त्रिवेणी सिंह का कहना है कि मारपीट में चरवाहे का सिर फूटा है। बांसबारी निवासी आरोपी उमेश सिंह सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी घर छोड़ कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।