शाहगंज। नगर के जेसीज चौक निवासी हाजी नियाज अहमद पुत्र कमरूद्दीन चार दिन पूर्व एटीएम कार्ड से पैसा निकालने स्टेट बैंक शाखा के बाहर लगे एटीएम पर गए थे, जहां ड्यूटी पर तैनात गार्ड की मदद लेकर 20 हजार रूपए निकाले। वे शनिवार दोपहर पुन: रुपया निकालने के लिए सेंट्रल बैंक के एटीएम पर पहुंचे, जहां काफी प्रयास के बाद भी पासवर्ड नहीं लेने पर परेशान होकर घर लौट गए।
इसके बाद भुक्तभोगी ने बैंक हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया तो एटीएम का बदला नंबर देख हैरान हो गए। बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि कई बार कार्ड का इस्तेमाल कर 23 हजार रुपए निकाला गया है। जालसाजों द्वारा पैसा निकाले जाने से परेशान होकर उसने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।