जौनपुर। खुटहन थानाक्षेत्र के पटैला बाजार में बंद पड़े एक घर को सोमवार रात चोरों ने खंगाल दिया। खिड़की से घर में घुसे चोरों ने अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नकद समेत करीब तीन लाख के जेवर पार कर दिया। परिवार के लोग घर में ताला बंद कर विंध्याचल दर्शन करने गए थे। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बाजार निवासी अजय उर्फ गुड्डू अग्रहरि सोमवार की शाम परिवार के साथ विंध्याचल धाम दर्शन करने गए थे। दूसरे दिन रात में घर पहुंचे तो खिड़की की कुंडी टूटी हुई थी। कमरे में रखी अलमारी खुली थी। उसमें रखे 20 हजार नकदी, कपड़ा, सोने के दो जोड़ी झुमके, दो जोड़ी मांगटीका, मंगलसूत्र, चांदी के दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी करधन गायब था। आसपास तलाश के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस बाबत थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।