मुंगराबादशाहपुर। सरिया लादकर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिससे चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के जयपालपुर निवासी बृजलाल मौर्या (40) सतहरिया स्थित एक फैक्टरी से ट्रैक्टर पर सरिया लादकर जमालपुर गांव जा रहा था। जौनपर-रायबरेली नेशनल हाईवे नौवादाडी़ गांव के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर 10 फीट गहरी खाई में पलट गया। चालक बृजलाल ट्रैक्टर के नीचे दब गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष सदानंद राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उपचार के दौरान मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।