जिला पंचायत कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करते डीएम दिनेश कुमार सिंह।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत में बतौर प्रशासक कार्यभार संभाल लिया। कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद कार्यों की समीक्षा की। सभी अवर अभियंताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संबन्धित कार्य का 04 प्रतियों में प्राक्कलन लेकर ग्रामवासियों को कार्य के बारे में अवगत कराएं।
डीएम ने प्रत्येक कार्य स्थल पर संबन्धित अवर अभियंता, अभियंता और एएमए मोबाइल नंबर प्रसारित करें। एएमए जेपी मौर्य ने बताया कि करीब 43.17 करोड़ की लागत वाले 419 कार्य की निविदा पूरी हो चुकी है। डीएम ने इन सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर प्रारंभ करते हुए गुणवत्तापरक कार्य समय सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। चतुर्थ राज्य वित्त के 34 कार्यों और 15 वां वित्त आयोग (अनटाईड ग्रांट) के 36 कार्यों (लागत 14.16 करोड़) की निविदा को एक सप्ताह में पूरा कराने को कहा। कहा कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया जाए। जिला पंचायत की ओर चार शहीद तोरण द्वार का निर्माण कराने की कार्ययोजना बनाते हुए सक्षम स्तर से स्वीकृति के बाद निर्माण शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। कहा कि हाटमिक्स प्लांट के माध्यम से जिन सडकों का निर्माण किया जाना है,उसमें हाटमिक्स प्लांट से गिट्टी एवं मैक्सफाल्ट की गुणवत्ता की जांच कर कार्यस्थल पर अवर अभियंता अपनी देख-रेख में कार्य कराएं। हाट बाजार में एक स्वच्छता परिसर विकसित किया जाए, जिसमें एक छोटा पार्क, सोलर लाइट, शौचालय, वाटर कूलर एवं बेंच भी स्थापित हो। जिले से गुजरने वाले चारों राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेस्ट हाऊस का निर्माण कराया जाना है। इसमें भी एक बडा पार्क, पार्किंग की व्यवस्था शौचालय और दुकान होंगे। इसके लिए एक सप्ताह के अंदर संबन्धित एसडीएम सेसर्वे कराकर जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं।