06- भीषण कोहरे के चलते पॉलिटेक्निक के पास से लाईट जलाकर गुजरते वाहन।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। वातावरण में मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा। सुबह कोहरे के चलते सड़कों पर दृश्यता कम थी। वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलते देखा गया। कोहरे के बीच बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जाते दिखे। हालांकि दस बजते-बजते मौसम साफ होने और धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तो अधिकतम 19 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मकर संक्रांति के बाद से रोजाना मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दिन में मौसम साफ रह रहा है तो सुबह और शाम घने कोहरे की सफेद चादर पूरे वातावरण को अपने आगोश में लपेट ले रही है। कोहरे के बीच सर्द हवाओं से ठंड में लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। मंगलवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही था। सुबह तो घना कोहरा देख लोग देर तक रजाई में ही दुबके रहे। धीरे-धीरे कोहरा छंटना शुरू हुआ तो दिनचर्या भी सामान्य होती गई। सबसे ज्यादा परेशान उन बच्चों को देखा गया, जिन्हें सुबह ही स्कूल जाना था। सुबह ही तैयार होकर वह कोहरे के बीच चौराहों-तिराहों पर स्कूल बस, टेंपो का इंतजार करते रहे। वाहनों को हेडलाइट जलाकर आवागमन करना पड़ रहा है। सुबह 10 बजते-बजते मौसम साफ हुआ। सूरज की किरणें धरती पर पहुंची तो लोगों को ठंड से भी राहत मिली। शाम को फिर से गलन और शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। सिंगरामऊ: सर्दी के बढ़ते ग्राफ को देखकर युवा भी सुबह के समय घरों से बाहर निकले की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। सुबह साढ़े आठ बजे निजी स्कूलों के छात्र बसों के इंतजार में सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं। मंगलवार को कोहरे के कारण राजमार्ग पर भी वाहनों की संख्या कम रही। दिन में मौसम साफ होने के बाद चहल-पहल बढ़ी।