जौनपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। मरने वालों में आजाद समाज पार्टी के जिला महासचिव समेत दो मजदूर शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के सहिजदपुर गांव निवासी आयुष गौतम (23) गांव के गोलू (27) के साथ पंवारा में अपनी मौसी के लड़के विकास के यहां एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उधर विशाल यादव (22) निवासी टीडी कालेज, अपने मित्र आदित्य पांडेय (20) निवासी चौकड़ी, छावनी बस्ती के साथ बाइक से प्रयागराज जा रहे थे। दोनों जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर परसूपुर गांव के निकट पहुंचे थे तभी ओवरटेक के प्रयास में दोनों बाइक आपस में टकराकर अनियंत्रित हो गई। एक बाइक सड़क किनारे गड्ढे में चली गई, जबकि दूसरी बाइक हाईवे के बीचोबीच गिरी। इसी दौरान गुजर रहे ट्रक के नीचे आने से आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। वहां से चिकित्सक ने तीनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष विनीत राय ने बताया कि आयुष आजाद समाज पार्टी का जिला महासचिव था व कानपुर विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।