जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में जहरीली शराब से दंपती की मौत की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अमले ने गांव पहुंचकर छानबीन की। बुधवार की शाम पहले महिला की मौत होने पर परिजनों ने रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को सुबह उसके पति की मौत हुई तो हड़कंम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक दंपती की मौत जहरीली शराब से हुई है। उसके घर से एक शराब की शीशी भी बरामद हुई है। जबकि एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी।
पकड़ी गांव निवासी रामबृक्ष की पत्नी मीना (45) को बुधवार को पेट में दर्द की शिकायत हुई तो उन्हें लेकर परिजन शहर पहुंचे। इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में टहलते रहे। कहीं बेड की समस्या तो कहीं कोरोना के नाम पर इलाज नहीं मिला। शाम को करीब छह बजे मीना की मौत हो गई। परिजनों ने रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। अगले दिन बृहस्पतिवार को रामबृक्ष (47) को भी पेट में दर्द होने लगा। आसपास के लोग उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सुबह करीब नौ बजे रामबृक्ष ने भी दम तोड़ दिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैलने लगी कि पकड़ी गांव में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो गई। इस खबर पर एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, एडीएम भू-एवं राजस्व राजकुमार द्विवेदी, सीओ सदर रणविजय सिंह, एसडीएम शाहगंज राजेश वर्मा, आबकारी विभाग की टीम और सरायख्वाजा थाने की पुलिस गांव में पहुंच गई। पुलिस ने रामबृक्ष के घर में तलाशी ली तो एक शराब की शीशी बरामद हुई। शीशी पर लगे रैपर के मुताबिक शराब गोरखपुर की बनी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शीशी 10 से 15 दिन पुरानी लग रही है। पुलिस ने आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की। ग्राम प्रधान समेत अन्य ग्रामीणों ने भी बताया कि बगल के मोड़ैला गांव में खानाबदोस जीवन जीने वाले कुनबे के लोग कई दिनों से डेरा डालकर रह रहे थे। उनमें से भी करीब छह लोगों की मौत हो गई तो गांव के लोगों ने कोरोना से मौत समझकर उन्हें भगा दिया। डेरा समेट कर शव लेकर वे सभी यहां से आंबेडकर नगर के लिए निकल गए। हालांकि उनका नाम और पता किसी को भी मालूम नहीं है। ग्रामीणों के मुताबिक इसी गांव से सटे बरजी गांव निवासी इफ्तेखार अहमद चुन्नू बैंड बाजा बजाता था। वह किसी बरात से मंगलवार को लौटा था। बुधवार को पेट में दर्द हुआ। परिजन अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में मौैत हो गई। परिजनों ने शव को दफन कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के निकट जहां अवैध रूप से शराब बिकती है, वहीं से रामबृक्ष और इफ्तेखार ने भी शराब खरीदी थी। इससे आशंका है कि इन सभी की मौत जहरीली शराब से हुई होगी।
वर्जन :
पकड़ी गांव में अबूझ हाल में पति - पत्नी की करीब 15 घंटे के अंतराल में मौत हुई है। गांव के कुछ लोग मौत का कारण जहरीली शराब मान रहे हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम छानबीन में जुटी है। इलाके में किसी और के न तो बीमार होने की सूचना है और न ही मौत की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही दंपती की मौत की वजह साफ हो सकेगी। वैसे जहरीली शराब से मौत हुई होती तो उस दुकान से शराब खरीदने वाले और भी लोग बीमार हो सकते थे। - त्रिभुवन सिंह, एएसपी ग्रामीण।