बदलापुर में रोडवेज बस के इंतजार में यात्री।
जौनपुर। रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज निगम की तैयारियां भीड़ के आगे धरी की धरी रह गईं। जिले के दो डिपो से भले ही कई बसें संचालित हो रही हैं, लेकिन देरी से पहुंची बसों के इंतजार में यात्रियों को घंटों बैठना पड़ा, कई यात्रियों ने डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। रक्षाबंधन पर बहनें भाई के घर राखी बांधने सकुशल पहुंच सकें इसके लिए तीन दिन के लिए महिला और एक सहयात्री के रोडवेज बसों में यात्रा निशुल्क कर दी गई है। त्योहार के कारण भीड़ वैसे ही होती है, लेकिन निशुल्क यात्रा के कारण लोगों की भीड़ उम्मीद से ज्यादा हो गई। जौनपुर डिपो से 90 और मुंगराबादशाहपुर डिपो से 21 बसों के चलने के बावजूद निगम की तैयारियां धरी रह गईं। सीटें पाने के लिए कोई खिड़की से चढ़कर सीट पाने की जुगत करता नजर आया तो कोई ड्राइवर सीट से बस के अंदर घुसने की कोशिश में लगा रहा है। जौनपुर एआरएम स्नेहलता ने बताया कि जिन मार्गों पर अधिक सवारी निकल रही उन मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया।