जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह 16 फरवरी को बसंत पंचमी के दिन होगा। समारोह के लिए राजभवन से पत्र जारी होने के बाद तैयारी शुरू हो गई है। डिग्री और मेडल पाने वालों अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने के लिए शैक्षणिक विभाग को निर्देश दे दिया गया है। दीक्षांत समारोह में वि वि के टॉपर छात्र-छात्राओं को राज्यपाल के हाथों मेडल और शोध उपाधि प्रदान की जाएगी।
पूविवि में दीक्षांत समारोह बसंत पंचमी पर ही होता रहा है। किन्हीं कारणों से इसे दो वर्ष समय से पहले कर दिया गया। कोरोना के कारण इस बार सभी शैक्षणिक गतिविधियां लंबे समय तक ठप रही। इसके चलते दीक्षांत की तैयारियां भी बाधित हुई हैं। अब सत्र के समापन से पहले समारोह के आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। राजभवन से सभी विवि से दीक्षांत के लिए तिथि चयनित कर भेजने को कहा गया था। विवि ने बसंत पंचमी पर कार्यक्रम प्रस्तावित किया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने बताया कि शीघ्र की बैठक बुलाकर समितियों का गठन कर सभी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। शैक्षणिक विभाग को टॉपर छात्रों की सूची तैयार करने शोध उपाधि पाने वाले छात्रों की डिग्री तैयार करने का निर्देश दिया गया है।