जलने के बाद टूटकर गिरा बिजली का तार। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
जौनपुर। जिला प्रशासन और बिजली विभाग के तमाम दावों के बावजूद शहर की विद्युत आपूर्ति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। अघोषित कटौती, लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग ने जनता की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। शासन की ओर से शहर में 24 घंटे बिजली देने का शेड्यूल तय है लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उमस भरी गर्मी में तड़पे लोग, बूंद-बूंद पानी को तरसेताजा मामला सहकारी कॉलोनी का है, जहां दो खंभों के बीच मुख्य केबल जलने से शनिवार रात 1 बजे से लेकर रविवार शाम 5 बजे तक (करीब 16 घंटे) बिजली पूरी तरह ठप रही। भीषण और उमस भरी गर्मी के बीच बिना बिजली-पानी के बुजुर्गों और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सुबह के समय घरों में पानी न आने से लोगों को दूर-दराज से पानी का इंतजाम करना पड़ा। लोकल फाॅल्ट की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे महज दो दिन पहले शेखपुर इलाके में भी ट्रांसफाॅर्मर का केबल जलने से 12 घंटे तक अंधेरा छाया रहा था। आए दिन फ्यूज उड़ने और केबल जलने की वजह से न सिर्फ आम जनता त्रस्त है, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक दुकानदारों और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं का व्यापार भी पूरी तरह चौपट हो रहा है। शेड्यूल के मुताबिक बिजली न मिलने से स्थानीय नागरिकों में विभाग के खिलाफ भारी रोष है।