13- दोपहर 12.30 बजे लखनऊ जाने के लिए बस में सवार होने से पहले यात्रियों का हाथ सैनिटाईज करवाता परिचालक।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। लॉक डाउन के 68 दिनों बाद स्थानीय रोडवेज डिपो से सोमवार को सवारियों को लेकर चार बसें रवाना हुई। लखनऊ और वाराणसी के लिए रवाना हुई दो-दो बसों में कुल 109 यात्री सवार हुए। बस में सवार होने से पहले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। हाथ सैनिटाइज कराया गया। मास्क लगाने के बाद ही उन्हें बस में सवार किया गया। यात्री न मिलने से अन्य रूटों की बसें जस की तस खड़ी रहीं।
जौनपुर रोडवेज डिपो से कुल 89 बसों का संचालन होता है। इसमें 83 बसें परिवहन निगम की और छह अनुबंधित हैं। शुरुआती चरण में 34 बसों को सड़कों पर उतारा गया है। इसमें आजमगढ़ व गोरखपुर के लिए आठ, इलाहाबाद के लिए पांच, वाराणसी के लिए 10, लख्रनऊ के लिए छह, फैजाबाद के लिए एक, सुल्तानपुर के लिए दो, मऊ के लिए एक, विंध्याचल के लिए एक बस सेवा शुरू की गई है। लेकिन सोमवार से छूट मिलते ही रोडवेज प्रशासन भी बसों को दौड़ाना शुरू कर दिया। सोमवार को चार बसों में यात्रियों को बैठाकर रवाना किया गया। जिसमें दो वाराणसी व दो लखनऊ के लिए बसें रवाना की गई। इन बसों से कुल109 यात्री बैठकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। लेकिन यात्री नहीं रहने के कारण शेष 30 बसों का संचालन नहीं हो पाया है।
पहले दिन लखनऊ व वाराणसी के लिए ही दो-दो बसें ही जा पाई। इनमें कुल 109 यात्रियों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए बैठाकर रवाना किया गया। सभी यात्रियों का रिकार्ड नोट किया जा रहा है, ताकि विशेष परिस्थिति में उनसे संपर्क किया जा सके। -विजय कुमार श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज