थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अलीशाहपुर स्थित शीतल दान बाबा की कुटिया के समीप सोमवार की रात रिश्तेदारी से दावत खाकर लौट रहे बाइक सवारों को दबंगों ने लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। दुपहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। फायरिंग की भी चर्चा रही। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख ज्यादातर लोग फरार हो गए, जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
क्षेत्र के फजायलपुर गांव के अंश यादव (22), सुनील यादव (20) व राकेश यादव (24) एक बाइक से रिश्तेदारी में दावत खाने गए थे। वापस घर लौटते समय शीतल दान बाबा कुटी के पास पहले से घात लगाए खड़े छह लोग उन लोगों को रोककर लाठी डंडे से पिटाई कर दिए। इससे तीनों घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। इस संदर्भ में थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों गुटों में कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर देख लेने की चर्चा सामने आई थी। उसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर गहनता से जांच की गई, लेकिन वहां किसी तरह की फायरिंग होने के निशान नहीं मिले है। किसी भी पक्ष से अभी तक तहरीर नहीं मिली है।