धर्मापुर। ब्लाक कार्यालय स्थित सभागार में सोमवार को ब्लाक प्रमुख विमलेश यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। बैठक में लाख का बजट पास हुआ। इसके पहले बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई। साथ ही ग्राम पंचायतों में मनरेगा के लिए 396.95 लाख, लेबर बजट तथा क्षेत्र पंचायत से मनरेगा में 238.17 लाख का बजट स्वीकृत किया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, शौचालय, पेंशन, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा ग्राम प्रधानों से पात्र व्यक्तियों के लिए प्रस्ताव भी मांगा गया। सांसद प्रतिनिधि के तौर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मापुर ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा ने विकासखंड के जर्जर भवन की मरम्मत तथा निर्माण और रंगाई पुताई का प्रस्ताव रखा। जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाने की बात कही गई। प्रधान संघ के अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने घोषणा की कि दोनों बैठकों का सभी प्रधानों क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मानदेय गौशाला में रखे गए पशुओं के चारे के लिए दान किया जाएगा, जिसका सभी ने स्वागत किया। बैठक का संचालन करते हुए एडीओ कोआपरेटिव ब्रह्मजीत सिंह ने पिछली कार्रवाई पढ़कर सुनाई, जिसकी पुष्टि सदस्यों द्वारा की गई। बीडीओ रवि कुमार सिंह ने गांवों के विकास की सभी योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में सांसद प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित भाजपा मंडल अध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की चर्चा की। एडीओ एजी आत्मा राम ने कृषि से संबंधित, एडीओ पंचायत लालजी राम ने स्वच्छता मिशन से संबंधित, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने पशु पालन, चिकित्सा विभाग से डॉ. इंद्रजीत यादव और सीडीपीओ अभिषेक द्विवेदी ने आंगनबाड़ी के संबंध में जानकारी दी। बैठक में शिक्षा विभाग से किसी अधिकारी के उपस्थित न रहने पर नाराजगी जताई। बैठक में पशु चिकित्सा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष नरेंद्र यादव, ग्राम प्रधान राहुल सिंह, पूर्व प्रमुख मुन्ना यादव, जय हिंद यादव, घनश्याम जायसवाल, विनोद कुमार यादव, बाबू लाल, अरविंद यादव आदि मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख विमलेश यादव ने आभार व्यक्त किया।