सुईथाकला... दिव्यम दुबे, फाइल फोटो
सुइथाकला। जिस घर में 21 नवंबर को बड़ी बेटी की डोली उठने की तैयारियां चल रही थीं, वहां मंगलवार को छोटे बेटे की अर्थी उठने की नौबत आ गई। बहन की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले 25 वर्षीय दिव्यम दुबे की सुल्तानपुर के करौंदीकला क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत में मौत हो गई। हादसे की खबर पहुंचते ही परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मृतक की पहचान सरपतहा थाना क्षेत्र के अमावाकला निवासी दिव्यम दुबे (25) के रूप में हुई। हादसे में उसके साथ बाइक पर पीछे बैठे सरपतहा के रामनगर निवासी सुजल पांडेय (22) और दूसरी बाइक चला रहे करौंदीकला के अमनाइकपुर निवासी गोविंद गौतम (24) गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। दिव्यम और गोविंद दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। दशगरपारा के पास दोनों बाइकों की भिड़ंत में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें जौनपुर के खुटहन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से तीनों को मेडिकल कॉलेज जौनपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने दिव्यम को मृत घोषित कर दिया। करौंदीकला थाने के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
21 नवंबर को तय है बहन की शादी दिव्यम की बड़ी बहन दीक्षा की शादी 21 नवंबर को तय है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों और परिचितों को निमंत्रण कार्ड बांटने की जिम्मेदारी भी दिव्यम निभा रहा था। मंगलवार को भी वह इसी काम से घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आ गई।
जिस भाई को बहन की शादी में खुशियां बांटनी थीं, उसी के जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां आराधना और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शादी की तैयारियों की जगह अब मातम पसरा है।