रसूलपुर गांव में पेड़ से लटकती युवक की लाश पाए जाने पर जुटी भीड़।
क्षेत्र के रसूलपुर गांव से शनिवार की शाम भोज में शामिल होने गए युवक का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। पेड़ से शव लटके होने की सूचना पर गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। शव की शिनाख्त मुलायम यादव पुत्र बलराम यादव के रूप में हुई।
मुलायम यादव शनिवार की शाम पड़ोस के गांव में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेेने के लिए कह कर घर से निकला था। सुबह उसका शव गांव से एक किलोमीटर भटपुरा गांव के बगल स्थित नाले के पास आम के पेड़ में रस्सी के सहारे लटकता मिला। मौके पर पहुंचे परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हंै।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। मुलायम यादव स्नातक अंतिम वर्ष का छात्र था। घटना को लेकर जहां परिजन हत्या की आशंका जता रहे है। वही पुलिस इसे संदिग्ध मान रही है। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। जांच पड़ताल की जा रही है।