गारोपुर में दूसरे दिन भी खुले में बारिश के पानी से भरा गड्डा। संवाद
बरसठी। गारोपुर गांव में बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे के पानी में डूबकर दो मासूम बच्चों की मौत के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को गांव में मातम पसरा रहा। दोनों परिवारों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की रात में ही दोनों बच्चों का शव रामघाट पर एक साथ प्रवाहित किया गया। यह देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। तहसीलदार मड़ियाहूं रवि रंजन ने बताया कि जिला प्रशासन ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये देने की बात कही है। इसके लिए प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। गारोपुर गांव में सबमर्सिबल लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे के पानी में डूबने से बुधवार की शाम को शिवा बिंद (6) और आरव बिंद (5) की मौत हो गई थी। घटना के समय दोनों बच्चों की माताएं खेत में धान की नर्सरी की रोपाई कर रही थीं। अनुमान लगाया जा रहा है कि खेलते-खेलते दोनों बच्चे गड्ढे तक पहुंच गए फिसलकर डूब गए। जिन दो मासूमों की किलकारियों से गांव की गलियां गूंजती थीं, बृहस्पतिवार को उनकी जगह सन्नाटा और परिजनों की सिसकियां सुनाई दे रही थीं।