स्कूली बस से घायल को उठा कर ले जाते हुए ग्रामीण। संवाद
केराकत। डेहरी मोड़ के पास बृहस्पतिवार को साद इंग्लिश स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने घायलों के समुचित इलाज की मांग के लिए स्कूल बस को एक घंटे तक रोककर विरोध प्रदर्शन किया। सुल्तानपुर अंसारी, उनकी पत्नी रूपईया तथा पुत्र साजिद निवासी केराकत अपने परिवार के साथ बाइक से आजमगढ़ के फरिहा जा रहे थे। दोपहर दो बजे डेहरी मोड़ के पास सामने से आ रही अनियंत्रित डेहरी साद इंग्लिश स्कूल की बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। बस में बैठे स्कूली बच्चे प्रदर्शन से सहम गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने बस को जाने दिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।