मछलीशहर। भारतीय किसान यूनियन ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र नायब तहसीलदार राज कुमार सोनकर को सौंपा। किसान यूनियन की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में किसानों को रबी की फसलों की बोआई के लिए समय से गेहूं, चना, मटर, सरसों सहित अन्य फसलों के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही धान खरीद क्रय केंद्र सेमरी, कबीरपुर, सरायबिका में खोला जाए, सतहरिया मुंगरा बादशाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑपरेशन की व्यवस्था करने, किसानों को यूरिया, डीएपी उचित दर पर गोदामों पर उपलब्ध कराया जाए। मांगपत्र में किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग भी की गई। किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टा पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए उन्हें नियंत्रित करने और फसलों को नुकसान से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मराज पटेल ने और संचालन महामंत्री राकेश चन्द मौर्य ने किया। इस मौके किसान यूनियन के प्रदेश सचिव राजनाथ यादव, इसरार अहमद, चुल्लू, हलीमून निशा, सुनील कुमार यादव, कृष्णा सिंह आदि उपस्थित रहे।