जौनपुर में रामपुर थाना क्षेत्र के रामपुर-बरसठी मार्ग पर सहनपुर गांव के पास मंगलवार की शाम खड़े ट्रैक्टर में बाइक सवार टकरा गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतक चचेरे मामा-भांजा थे। जिनके शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मछलीशहर क्षेत्र के पवारां गांव निवासी सोनू गौतम (22) अपने बहन के घर अकरा आया था। वह डेढ़ माह से रह रहा था।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार को घर पर रिश्तेदार आए थे, जिनके लिए शाम को पार्टी रखी गई थी। इसके लिए सोनू और उसका चचेरा भांजा प्रदीप गौतम (15) बाइक से बाजारा आए थे। जहां मुर्गा और अन्य सामान खरीदने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। रामपुर से लगभग दो किमी दूर सहनपुर गांव के पास वे बल्ली लादकर खड़े ट्रैक्टर से टकरा गए।
बाइक की स्पीड अत्यधिक अधिक होने के कारण प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस और एबुलेंस सेवा के लिए कॉल किया। पुलिस आनन-फानन में सोनू को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ओम नारायण सिंह ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।